
गुरुग्राम। गुरुग्राम कोर्ट में रविवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। रिकार्ड रूम से लगी आग कोर्ट के अंदर अन्य कमरों तक पहुंच गई। दमकल की 20 टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं, अभी तक पूरी तरह से आग पर काबू पाया नहीं जा सका है। वहीं चार घंटे बाद अब एक बिल्डिंग का कुछ हिस्सा भी भराभराकर ढह गया है। इससे दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि रविववार दोपहर 12 बजे अचानक से लोअर कोर्ट के रिकार्ड रूम से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। जिसके बाद चौकीदार ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। शुरुआत में भीमनगर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
हालांकि, वह नाकाफी रही। आग भड़कते देख एक के बाद एक 20 से ज्यादा गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मी आग बुझाने के लिए मशक्कत कर रहे हैं। दमकलकर्मियों का कहना है कि अंदर कागजात होने की वजह से कई कमरों में आग फैली हुई है और धुआं भरा हुआ है। धुएं के कारण उन्हें अंदर कमरों में जाने का रास्ता नहीं मिल रहा है।
दमकल कर्मी खिड़कियों के सहारे पानी अंदर फेंक रहे हैं। इसके लिए कोर्ट के कमरों में लगी कई खिड़कियों को भी उखाड़ा गया है। लेकिन फिर भी अभी तक आग पर काबू पाया नहीं जा सका है। भीम नगर दमकल अधिकारी ने बताया कि अभी आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी और कागजों के कारणों तेजी से फैली। आग पर काबू पाने के बाद सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद पता चल सकेगा कि कितना रिकार्ड जला है और कितना बचा है।

