
गुरुग्राम। गुरुग्राम में शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के खांडसा मंडी में एक फल व्यापारी की रविवार सुबह पार्किंग विवाद को लेकर सुआ गोदकर हत्या कर दी गई।
वहीं, पड़ोस में ही दुकान लगाने वाले व्यक्ति से इनका झगड़ा हुआ थ। उस व्यक्ति ने अपने साथियों को बुलाया और इस वारदात को अंजाम दिया। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक व्यक्ति की पहचान कमान सराय निवासी 55 वर्षीय भरत भूषण बनेचा के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह खांडसा मंडी में कई सालों से फ्रूट का व्यापार करते थे। कमान सराय में उनका गोदाम है।
पड़ोसी दुकानदार से हुआ था विवाद
रविवार सुबह करीब छह बजे जब वह मंडी में आए और अपनी कार पड़ोस वाली दुकान के पास खड़ी कर दी। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार से विवाद हो गया। कुछ देर बाद मामला शांत हुआ, लेकिन दूसरे पक्ष ने अपने साथियों को बुला लिया।
आरोपी ने आकर व्यापारी से दोबारा झगड़ा किया और शरीर पर कई बार सुए से हमला किया। हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। वहीं आसपास के लोग व्यापारी को निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच कर रही पुलिस
आसपास के लोगों ने बताया कि जिन आरोपियों ने हमला किया वह आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उन पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। शिवाजी नगर थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

