गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार का कहर, बलेनो सवार ने 2 दोस्तों को मारी टक्कर; सड़क पर तड़पता छोड़कर भागा

गुरुग्राम। सेक्टर-75 में सड़क हादसे के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई। तेज रफ्तार बलेनो कार से दो युवकों को टक्कर मारने के बाद कार में सवार तीनों युवक घायलों को सड़क पर तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना सेक्टर-75 स्थित ग्रीन बेल्ट के पास की है। लखनऊ के कल्याणपुर निवासी शंकर सिंह और उनके दोस्त प्रदीप सड़क पार करने लिए किनारे खड़े थे।

बलेनो कार ड्राइवर ने खोया कंट्रोल

इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बलेनो कार का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे। कार ग्रीन बेल्ट पर चढ़कर रुकी, लेकिन उसमें सवार तीनों युवक बिना किसी की मदद किए मौके से भाग निकले।

कार पर अस्थायी नंबर प्लेट थी

स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। पेशे से ग्राफिक डिजाइनर शंकर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी थी, जिसके अंतिम दो अंक गायब हैं।

मारूति कंपनी की ली जा रही मदद

वाहन मालिक की जानकारी के लिए मारुति कंपनी के अधिकारियों की मदद ली जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top