
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र के राठीवास मोड़ के पास सोमवार रात दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्राले में अचानक ब्रेक लगने से पीछे से जा रहा ट्रक उसमें भिड़ गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई।
वहीं ट्रक में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने ट्राला ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में मृत ट्रक ड्राइवर की पहचान कोटपूतली के कोठी पछोदाला गांव निवासी 40 वर्षीय राम सिंह के रूप में की गई। इसमें कोटपूतली के प्रागपुरा निवासी महेंद्र कुमार घायल हो गए।
महेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह दिल्ली के सोनिया विहार में रहकर कामधेनु सीमेंट प्लांट में स्टोर मैन के रूप में काम करते हैं। सोमवार रात ड्यूटी के बाद वह कोटपूतली जाने के लिए निकले थे।
ट्राला ड्राइवर मौके से फरार हो गया
उनके प्लांट पर एक ट्रक ड्राइवर माल लेकर आया था। यह उसी के ट्रक से कोटपूतली जा रहे थे। रास्ते में राठीवास मोड़ के पास सामने चल रहा ट्राला ड्राइवर अचानक बार-बार ब्रेक लगा रहा था।
एक बार उसने तेजी से ब्रेक लगाया तो उनका ट्रक पीछे से उसमें भिड़ गया। हादसे में ट्रक ड्राइवर राम सिंह और वह घायल हो गए। आसपास के लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए। यहां डाॅक्टरों ने ट्रक ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं हादसे के बाद ड्राइवर ट्राला को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। थाना पुलिस ने बताया कि ट्राला को कब्जे में लिया गया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

