
गुरुग्राम। गुरुग्राम में नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी पूरी कर ली है। 21 जून को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर 6800 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
नकल और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाने के लिए केंद्रों पर मोबाइल जैमर, सीसीटीवी निगरानी और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए स्टाफ और एजेंसी कर्मियों का पुलिस सत्यापन भी कराया गया है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भीड़ जुटाने पर रोक रहेगी। वहीं 500 मीटर के दायरे में संचालित फोटोस्टेट की दुकानों और कोचिंग संस्थानों को भी परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। सभी केंद्रों पर मोबाइल जैमर लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक माध्यम से नकल की संभावना समाप्त की जा सके।
परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू होगी। अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया सुबह 11 बजे से आरंभ होगी और दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी को भी केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
एडमिट कार्ड दिखाकर कर सकेंगे मुफ्त बस यात्रा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर नीट-यूजी 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 20 और 21 जून को हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। अभ्यर्थी अपना नीट एडमिट कार्ड दिखाकर प्रदेशभर में किसी भी रोडवेज बस में मुफ्त सफर कर सकेंगे।
सरकार का उद्देश्य दूर-दराज क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों को राहत प्रदान करना और उनकी यात्रा संबंधी परेशानियों को कम करना है।

