गुरुग्राम में प्रचंड गर्मी से फेल हुआ पावर हाउस, आधे घंटे तक रैपिड मेट्रो सेवा हो गई ठप; ट्रैक पर पैदल चले यात्री

गुरुग्राम। प्रचंड गर्मी से शुक्रवार शाम सेक्टर-72 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन फेल हो गया। उसमें फाल्ट आने से रैपिड मेट्रो की सेवा लगभग आधे घंटे तक बाधित रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। सेवा शुरू करने के लिए तत्काल प्रभाव से सेक्टर-52 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से आपूर्ति शुरू की गई। समाचार लिखे जाने तक नए गुरुग्राम के कई इलाकों में ब्लैकआउट जैसी स्थिति रही।

सब-स्टेशन के फेल होते रैपिड मेट्रो बंद

पिछले कई दिनों से लगातार प्रचंड गर्मी पड़ रही है। इससे शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली की आंखमिचौली शुरू हो गई है। शुक्रवार शाम लगभग सात बजकर 50 मिनट पर अचानक सेक्टर-72 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन में फाल्ट आ गया। इससे नए गुरुग्राम के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। इस सब-स्टेशन से रैपिड मेट्रो को बिजली आपूर्ति की जाती है। इस वजह से सब-स्टेशन के फेल होते रैपिड मेट्रो बंद हो गई।

तब जाकर रैपिड मेट्रो की सेवा सुचारू हुई

अचानक बंद होते ही रैपिड मेट्रो में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। किसी को समझ में नहीं आया कि आखिर क्या हुआ। कुछ ही मिनट में सूचना दी गई कि पावर हाउस फेल होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। बिजली निगम ने तत्काल प्रभाव से सेक्टर-52 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से बिजली की आपूर्ति शुरू कराई। इससे रात आठ बजकर 33 मिनट पर रैपिड मेट्रो की सेवा सुचारू हुई।

अलग-अलग सब-स्टेशनों से बिजली आपूर्ति की

समाचार लिखे जाने तक सेक्टर-72, 70, 65, 33, 46, सुशांत लोक, साउथ सिटी, सोहना रोड की कई सोसायटियों सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुख्य अभियंता वीके अग्रवाल का कहना है कि लगभग आधे घंटे तक रैपिड मेट्रो की सेवा बाधित रही है। प्रभावित सभी इलाकों में भी अलग-अलग सब-स्टेशनों से बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top