गुरुग्राम में फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर की थी ठगी, दो नाइजीरियन गिरफ्तार

गुरुग्राम। साइबर अपराध मानेसर थाना पुलिस ने फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर दोस्ती करने और एयरपोर्ट पर रुपये खत्म होने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित दिल्ली के जवाहर पार्क क्षेत्र में रहते थे। जांच के दौरान मंगलवार को इन्हें जवाहर पार्क के क्षेत्र से पकड़ा गया।

बिजनेस वीजा पर आए थे दोनों

एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट ने बताया कि 29 अप्रैल को मानेसर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि फेसबुक पर कैथलिन नाम की महिला ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। वाट्सएप पर बातचीत के दौरान महिला ने खुद को यूके निवासी बताकर भारत आने की बात कही। इसके बाद शिकायतकर्ता के पास मुंबई एयरपोर्ट के कस्टम अधिकारी के नाम से फोन आया।

फोन करने वाले ने कहा कि महिला के पास पैसे खत्म हो गए हैं और वेरिफिकेशन के लिए पैसे चाहिए। आरोपितों ने अलग-अलग बैंक खातों में शिकायतकर्ता से कुल 63,500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। मामले की जांच के बाद साइबर थाना मानेसर की टीम ने मंगलवार को दो आरोपितों को पकड़ा।

पहले फारनर्स एक्ट में दर्ज हो चुके हैं मामले

इनकी पहचान केलविन और किंग्सले एमेका के रूप में की गई। दोनों नाइजीरिया के लागोस एस्टेट के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपित किंग्सले जनवरी 2026 में और केलविन 2025 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। केलविन 2023 में भी भारत आ चुका है। दोनोंफर्जी फेसबुक आइडी बनाकर लोगों से दोस्ती करते थे और एयरपोर्ट-कस्टम का बहाना बनाकर ठगी करते थे।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। जांच में सामने आया कि केलविन के खिलाफ वर्ष 2024 में दिल्ली में फारनर्स एक्ट के तहत एक मामला पहले से दर्ज है। आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top