गुरुग्राम में युवती की गला घोंटकर हत्या, नाले में फेंका शव; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

गुरुग्राम। गुरुग्राम में बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव सिधरावली के एक नाले में जिस युवती का शव पाया गया था, उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। हत्यारे ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव छिपाने के लिए उसे गंदे नाले में फेंक दिया था। बुधवार को हुए पोस्टमार्टम के बाद अब रिपोर्ट में हत्या की जानकारी सामने आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बिलासपुर थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि 21 वर्षीय आसमा देवी मूल रूप से कानपुर जिले के दयापुरवा गांव की रहने वाली थीं। पिछले करीब चार महीने से बिलासपुर के सिधरावली गांव में किराये से रह रही थीं और एक निजी कंपनी में काम करती थीं।

नाले में पाया गया शव

21 जून की शाम उनका शव गांव के ही एक गंदे नाले में पाया गया था। आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। शव की पहचान के बाद परिवारवालों को घटना की जानकारी दी गई। भाई दीपू ने भी हत्या की आशंका जताई थी और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग की थी।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

बिलासपुर थाना पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। आसमा के मोबाइल काल रिकार्ड भी देखे जा रहे हैं। आसमा जिस कंपनी में काम करती थी, उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top