
गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-37 इंडस्ट्रियल एरिया में वोल्वो कंपनी के शोरूम के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों में सोमवार सुबह हिंसक झड़प हो गई। दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बीच सड़क पर काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और हंगामे के कारण राहगीर जमा हो गए। लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हो गया और झगड़ा कर रहे लोग मौके से भाग निकले।
चले लाठी-डंडे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत युवाओं के दो गुटों में किसी बात को लेकर हुई थी। पहले दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बहसबाजी होती रही। इसके बाद गाली-गलौज और फिर देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे। काफी देर तक लोगों ने एक-दूसरे पर हमला किया। इसमें कुछ लोगों को चोटें भी आईं।
वहीं, हंगामा देखकर सड़क से गुजर रहे लोग रुक गए और किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं कुछ लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि दो पक्षों के युवक एक-दूसरे पर डंडे बरसा रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग बीच-बचाव करने की भी कोशिश कर रहे हैं।
बताया गया कि थोड़ी ही देर में सेक्टर-37 थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस पर मारपीट कर रहे युवक मौके से फरार हो गए।
थाना पुलिस का कहना है कि घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

