गुरुग्राम में विकास कार्यों की सौगात: सेक्टर 10ए में नई सड़क, स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण शुरू

गुरुग्राम। वार्ड दस में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने मेयर राजरानी मल्होत्रा व निगम पार्षदों की उपस्थिति में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से महिला पार्क, कादीपुर मंदिर के नवीनीकरण कार्य सहित अन्य कार्यों का शुभारंभ किया। इस मौके पर वार्ड के पार्षद महावीर यादव सहित कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं एवं सामाजिक अवसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-दस ए के 1700 पाकेट क्षेत्र में आरएमसी द्वारा सड़क के अपग्रेडेशन एवं ऊंचाई बढ़ाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। लगभग 83.60 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र में जलभराव की समस्या कम होगी।

स्टार्म वाटर ड्रेन निर्माण होगा

नत्थू स्वीट्स से रोटरी ब्लड बैंक तक आरसीसी बाक्स टाइप स्टार्म वाटर ड्रेन निर्माण कार्य भी शुरू किया गया। लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली यह परियोजना क्षेत्र में वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कादीपुर बूस्टिंग स्टेशन पर आरसीसी स्लैब निर्माण

कादीपुर बूस्टिंग स्टेशन पर आरसीसी स्लैब निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। लगभग 39.53 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य का उद्देश्य बूस्टिंग स्टेशन की संरचना को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना है। इसके अतिरिक्त पटौदी रोड स्थित राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय, कादीपुर के निकट पुनर्वास केंद्र के निर्माण कार्य को पूर्ण करने की दिशा में भी कार्य शुरू किया गया।

लगभग 32.89 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों के लिए उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा। इस मौके पर मेयर राजरानी मल्होत्रा, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, पूर्व मेयर विमल यादव, निगम पार्षद महावीर यादव, पटौदी मार्केट कमेटी चेयरमैन मनोज यादव सहित आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top