गुरुग्राम। सेक्टर 53 थाना क्षेत्र में सिर कूचकर एक युवक की हत्या कर दी गई। उसके शव को जेनपैक्ट चौक के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके से शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान झारखंड के गुमला जिले के असनी गांव निवासी बंदी ओरांव के रूप में की गई।वह गुरुग्राम के वजीराबाद गांव में रहकर घरेलू सहायक का काम करता था। अज्ञात हत्यारों ने सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे जेनपैक्ट चौक से फरीदाबाद रोड को जोड़ने वाली सड़क पर करीब आठ सौ मीटर दूर राहगीरों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही सेक्टर 53 थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पैंट की जेब से मिले पर्स के आधार पर उसकी पहचान की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्वजन को सूचना दी गई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

