गुरुग्राम में सड़क हादसा: तेज रफ्तार रोड़ी मिक्सर ट्रक ने होमगार्ड को कुचला, मौत

 गुरुग्राम। सेक्टर 65 थाना क्षेत्र के वर्ल्ड मार्क माल के पास मंगलवार रात नाकेबंदी के दौरान एक तेज रफ्तार रोड़ी मिक्सर ट्रक ने पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड को कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

हादसे में पास खड़ी एक पुलिसकर्मी की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। ड्राइवर ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान भिवानी के लिवासी गांव निवासी संदीप के रूप में हुई है। तीन दिन पहले ही उनका भिवानी से गुरुग्राम ट्रांसफर हुआ था। घटना की सूचना स्वजन को दी गई है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर 65 स्थित वर्ल्ड मार्क माल के सामने एसआई देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में नाकेबंदी की गई थी। टीम में कान्स्टेबल सुमित, मंजीत, एसपीओ राजकुमार और होमगार्ड संदीप कुमार शामिल थे। रात करीब साढ़े 11 बजे होमगार्ड संदीप कुमार सड़क किनारे बैरिकेड के पास खड़े थे।

इसी दौरान एक रोड़ी मिक्सर ट्रक तेज रफ्तार में आया। ड्राइवर ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सीधे बैरिकेड से टकरा गया। ट्रक ने पहले बैरिकेड को तोड़ा और फिर संदीप कुमार को कुचल दिया। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिसकर्मियों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिसकर्मी घायल संदीप कुमार को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top