गुरुग्राम में 20 दिन पहले पकड़े गए 13 बांग्लादेशी घुसपैठियों को किया डिपोर्ट, पुलिस ने चलाया था विशेष अभियान

 गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर 39 की टीम द्वारा करीब 20 दिन पहले पकड़े गए 13 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्ट कर दिया गया। इन्हें निर्वासित करने के लिए गुरुवार को गुरुग्राम पुलिस की एस्कार्ट टीम रवाना की गई।

एक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 23 पुलिसकर्मियों की टीम इन सभी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से न्यू दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस से बंगाल के मालदा टाउन ले जाएगी। वहां से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा।

विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष चेकिंग अभियान

गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष चेकिंग अभियान चला रखा है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर 39 की पुलिस टीम ने झुग्गी-झोपड़ियों, कालोनियों, किराये के मकानों और औद्योगिक क्षेत्रों में सघन जांच कर 13 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान की थी।

सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के बाद निर्वासन की प्रक्रिया शुरू

पुलिस के अनुसार जिनके दस्तावेज संदिग्ध पाए गए और जो भारत में वैध रूप से निवास का प्रमाण नहीं दे सके, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। भारत सरकार एवं सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के बाद निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की गई।

गुरुग्राम पुलिस ने निर्वासन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। सभी 13 नागरिकों को सुरक्षा घेरे में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया और ट्रेन में बैठाकर रवाना किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top