गुरुग्राम रेलवे स्टेशन बनेगा विश्वस्तरीय, नौ मंजिला इमारत के साथ मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं

गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी के नाम के अनुरूप अब गुड़गांव रेलवे स्टेशन भी नई पहचान पाने जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का कायाकल्प तेजी से चल रहा है। यहां लोहे के मजबूत पिलर पर नौ मंजिला खूबसूरत स्ट्रक्चर लगभग तैयार हो चुका है। 2027 तक पूरा स्टेशन विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होकर यात्रियों के लिए खुल जाएगा।

फिलहाल स्टेशन पर दिन-रात काम चल रहा है। नई बिल्डिंग के साथ दो प्लेटफार्म के बीच स्काई वॉक और पांच से ज्यादा लिफ्ट लगाने का स्ट्रक्चर भी बना दिया गया है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नए प्लेटफार्म का निर्माण भी जोरों पर है। इससे ट्रेनों के ठहराव और आवागमन में आसानी होगी।

स्टेशन परिसर में चौड़ी सड़कें, आधुनिक वेटिंग हाल, फूड कोर्ट और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। गुड़गांव रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। नौ मंजिला बिल्डिंग में रिटेल स्पेस, आफिस और यात्री सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

फरुखनगर रूट के लाखों दैनिक यात्रियों को सीधा फायदा होगा

नए स्टेशन से गुरुग्राम के साथ मानेसर, सोहना और फरुखनगर रूट के लाखों दैनिक यात्रियों को सीधा फायदा होगा। यात्री दो प्लेटफार्म के बीच स्काई वाक का भी आनंद ले सकेंगे। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं। पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग भी योजना में शामिल है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पूरा प्रोजेक्ट 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद गुड़गांव स्टेशन न सिर्फ एनसीआर बल्कि देश के सबसे आधुनिक स्टेशनों में गिना जाएगा। स्थानीय लोगों में नए स्टेशन को लेकर खासा उत्साह है। व्यापारी वर्ग का मानना है कि विश्वस्तरीय स्टेशन बनने से शहर की कनेक्टिविटी और कारोबार दोनों को नई रफ्तार मिलेगी। निर्माण कार्य को लेकर 15 दिन पहले ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी गुड़गांव स्टेशन का दौरा किया था।

फरवरी 2024 में हुआ था शिलान्यास

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के अन्य रेलवे स्टेशनों के साथ गुड़गांव रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प किया जा रहा है। 26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों का वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया था। नई बिल्डिंग दिल्ली की विरेंद्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी बना रही है। योजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। स्टेशन बिल्डिंग के डिजाइन में स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला की झलक दिखाई देगी।

-300 करोड़ की अनुमानित लागत है रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में
-2027 तक बनकर तैयार होगा गुड़गांव रेलवे स्टेशन का नया भवन
-9 मंजिला नए भवन में पहली मंजिल पर अत्याधुनिक हाल में यात्रियों के लिए विभिन्न सुविधाएं होंगी
-6 मंजिल को कमर्शियल रूप में इस्तेमाल में लाया जाएगा, इसमें कैफेटेरिया जैसी सुविधा मिलेगी
-3 मंजिल को रेलवे के कामकाज के इस्तेमाल में लाया जाएगा
-50 मीटर चौड़ा होगा एयर कानकोर्स

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top