गुरुग्राम सेक्टर-10 में पैकिंग हब में लगी आग से मची अफरा-तफरी, काबू पाने में जुटीं दमकल की तीन टीमें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित रवि नगर इलाके में सोमवार सुबह एक पैकिंग हब के गोदाम में लगी भीषण आग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे गोदाम की पहली मंजिल से उठते काले धुएं ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरी मंजिल आग की चपेट में आ गई। रिहायशी क्षेत्र के नजदीक होने के कारण आग की लपटों ने लोगों में दहशत फैला दी और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन टीमें फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। संकरी गलियों और घने धुएं के चलते शुरुआती चरण में दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एहतियातन पुलिस ने आसपास के मकानों को खाली करवा दिया, वहीं किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।

कैसे लगी आग?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग गोदाम की पहली मंजिल पर रखे पैकिंग मटेरियल और प्लास्टिक के सामान में लगी, जिससे आग तेजी से फैल गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि लाखों रुपये के सामान के जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।

दमकल अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकता आग को फैलने से रोकना है, ताकि आसपास की इमारतों को सुरक्षित रखा जा सके। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top