गुरुग्राम ITI में दाखिले का एक और मौका, आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ी

गुरुग्राम। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को राहत देते हुए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून से बढ़ाकर 30 जून कर दी है। इससे उन विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जो अब तक किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे। हालांकि फिलहाल विद्यार्थियों को ट्रेड चयन का विकल्प उपलब्ध नहीं कराया गया है।

आईटीआई के नोडल अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि दो जून से विभिन्न ट्रेडों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी और 15 जून अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। विभाग की ओर से जारी नए निर्देशों के तहत अब विद्यार्थी 30 जून तक आवेदन कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम आईटीआई में पहले 25 ट्रेडों में कुल 856 सीटें उपलब्ध थीं, लेकिन विभिन्न कारणों से 284 सीटें कम हो गई हैं। वर्तमान में 21 ट्रेडों की 572 सीटों पर ही प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। विभाग को उम्मीद है कि आवेदन तिथि बढ़ने से अधिक संख्या में विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ेंगे।

10 सरकारी कॉलेजों में 22 हजार से अधिक आवेदन हुए प्राप्त

जिले के राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए भी छात्रों का उत्साह बना हुआ है। जिले के 10 सरकारी कॉलेजों में करीब 10 हजार सीटों के लिए 22 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सेक्टर-9 राजकीय महाविद्यालय के नोडल अधिकारी संजय कत्याल ने बताया कि कालेज की 1430 सीटों के लिए लगभग 7200 आवेदन आए हैं।

उन्होंने बताया कि बीबीए, बीसीए और बीकॉम पाठ्यक्रमों की मांग सबसे अधिक है। इन पाठ्यक्रमों के लिए करीब छह हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीबीए की एक सीट के लिए 22 और बीसीए की एक सीट के लिए 15 छात्र दावेदार हैं। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से स्नातक प्रवेश के लिए आवेदन तिथि बढ़ाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top