चतरा में लगातार दूसरे दिन खूनी रफ्तार: ट्रक ने मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को रौंदा, भड़के ग्रामीणों ने NH-22 किया जाम

चतरा। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के काली मंदिर के समीप शुक्रवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मार्निंग वाक पर निकली एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान जोरी निवासी प्रेम साव की मां के रूप में की गई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सुबह रोजाना की तरह टहलने निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चतरा-डोभी एनएच-22 को जाम कर दिया। ग्रामीण दोषी चालक की अविलंब गिरफ्तारी, मृतक के स्वजन को मुआवजा तथा क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग कर रहे थे।

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर वशिष्ठ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फरार ट्रक की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया जा सका। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर भी नाराजगी जताई।

प्रशासन के खिलाफ बढ़ रहा गुस्सा

लोगों का कहना था कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती, जबकि हादसों के बाद केवल सांत्वना देने की औपचारिकता निभाई जाती है।

गौरतलब है कि कोयला ढुलाई में लगे अवैध वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार जानलेवा साबित हो रही है। बुधवार को भी सुबह करीब 5:30 बजे ब्लाक मोड़ के आगे मजराही में एक अनियंत्रित कोल हाइवा ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचल दिया था।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए वाहन आगे बढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों में आक्रोश बेपरवाह है। प्रशासन पर आरोप लग रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top