जेल में वाटर कूलर और इंसुलिन के लिए फ्रिज की मांग, AAP के पूर्व मंत्री संजीव आरोड़ा की याचिका पर फैसला आज

बादशाहपुर (गुरुग्राम)। फर्जी आईफोन निर्यात से जुड़े धनशोधन (पीएमएलए) मामले में जिला जेल भोंडसी में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा की ओर से दायर याचिका पर शुक्रवार को विशेष अदालत में सुनवाई होगी।

अरोड़ा ने अपने अधिवक्ता आर्यन देओल के माध्यम से अदालत में आवेदन दाखिल कर जेल अधीक्षक, भोंडसी को निर्देश देने की मांग की है कि उन्हें इंसुलिन के सुरक्षित भंडारण के लिए रेफ्रिजरेशन (शीत भंडारण) की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

ईडी और जेल प्रशासन से मांगा गया जवाब

विशेष अदालत ने इस याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और जिला जेल भोंडसी के अधीक्षक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। इसके बाद 8 जुलाई को मामले की सुनवाई लिंक जज के समक्ष हुई, क्योंकि विशेष न्यायाधीश अवकाश पर थे।

सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से विशेष लोक अभियोजक साइमन बेंजामिन ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। वहीं, जिला जेल गुरुग्राम के अधीक्षक की ओर से ई-मेल के माध्यम से भेजे गए जवाब को अदालत ने रिकॉर्ड पर ले लिया।

अदालत ने ईडी को जवाब दाखिल करने का अवसर देते हुए मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई के लिए निर्धारित की थी। शुक्रवार को विशेष अदालत दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आगे के आदेश जारी कर सकती है।

घर का भोजन उपलब्ध कराने की मांग

संजीव अरोड़ा की ओर से विशेष अदालत में एक अन्य याचिका भी दायर की गई है। इसमें जिला जेल भोंडसी प्रशासन को परिवार की ओर से घर का बना भोजन उपलब्ध कराने की अनुमति देने के निर्देश देने की मांग की गई है।

इस मामले में भी 8 जुलाई को लिंक जज के समक्ष सुनवाई हुई थी। सुनवाई के दौरान ईडी ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा, जबकि जिला जेल अधीक्षक का जवाब अदालत ने रिकॉर्ड पर ले लिया।

वाटर कूलर की सुविधा को लेकर भी सुनवाई

घर के भोजन के अलावा अरोड़ा ने जेल में वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई तय की थी। शुक्रवार को विशेष अदालत इन सभी याचिकाओं पर सुनवाई कर अपना फैसला सुना सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top