दर्दनाक: खाई में कार गिरने से मां-बेटे की मौत, मनाली घूमने गए गुरुग्राम के परिवार पर टूटा कहर

गुरुग्राम। मनाली में छुट्टियां बिताने गया भोंडसी का एक परिवार कभी न भूलने वाला दर्द लेकर लौटा। रोहतांग-कोकसर मार्ग पर झरने के पास तस्वीरें खिंचवाने के दौरान कार अचानक पीछे की ओर लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार के अंदर बैठी 26 वर्षीय महिला और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई।

मृतक महिला की पहचान भोंडसी स्थित सियाराम एन्क्लेव निवासी तनु कुमारी और उनके बेटे दक्ष कुमार सिंह के रूप में हुई है।

बाहर खड़े होकर खींच रहे थे फोटो 

जानकारी के अनुसार, परिवार बुधवार दोपहर रोहतांग-कोकसर मार्ग पर एक झरने के पास रुका था। तनु के पति दीपक कुमार सिंह और साले अमन सिंह बाहर खड़े होकर फोटो खींच रहे थे। तनु अपने छोटे बेटे के साथ कार के अंदर बैठी थीं, जबकि उनकी मां सविता देवी और पांच वर्षीय बड़ा बेटा भी वाहन के बाहर थे।

इसी दौरान कार अचानक पीछे की ओर सरकने लगी और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरी। परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हादसा हो चुका था।

पड़ोसियों के अनुसार, परिवार मंगलवार रात ही मनाली के लिए रवाना हुआ था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top