
नोएडा। नोएडा में सेक्टर-49 स्थित हनुमान मूर्ति के सामने सेक्टर-78 में 75 मीटर मुख्य सड़क के समांतर टायलेट के पास अराजक तत्वों द्वारा चारदीवारी बनाने का प्रयास किया जा रहा था।
दीवार निर्माण की सूचना पर प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6 की टीम मौके पर कार्रवाई करने के लिए पहुंची। प्राधिकरण की टीम ने बिना देरी के दीवार को ध्वस्त कर दिया।
चोरी छिपे कर रहे थे दीवार निर्माण का कार्य
जानकारी के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व चोरी छिपे दीवार निर्माण का कार्य कर रहे थे। जिनका उद्देश्य जमीन पर कब्जा करना या अवैध अतिक्रमण करना था। नोएडा प्राधिकरण ने इस घटना को गंभीरता से लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति अपनाई जा रही है।
किसी भी व्यक्ति या गिरोह को सार्वजनिक भूमि, सड़क किनारे या धार्मिक स्थलों के आसपास अतिक्रमण करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है।

