
पटौदी। पटौदी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने वाली है। पटौदी क्षेत्र की विधायक बिमला चौधरी ने क्षेत्र की जर्जर हो चुकी मार्केटिंग बोर्ड की सड़कों के पुनर्निर्माण की मंजूरी दिलवा दी है वहीं चार अन्य नई सड़कों के निर्माण की भी मंजूरी दिलवा दी है।
विधायक बिमला चौधरी ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड की राजपुरा से लुहारी, जाटौली से शेरपुर वाया मंदपुरा, डाडावास से हालियाकी वाया शेरपुर, राजपुरा से कारोला, महचाना से फरीदपुर, महचाना से खंडेवला, राजपुरा से जोनावास वाया मऊ की लगभग 23 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए सरकार ने लगभग 5.78 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं।
चार नए सड़क मार्गों को मिली मंजूरी
इसके अतिरिक्त महचाना श्मशान घाट से ढाणी महचाना और पचपीरा मंदिर पालड़ी से गांव की सीमा तक, जोनियावास से जाटोला तथा मंदपुरा से जटशाहपुर तक के कुल चार नए सड़क मार्गों के निर्माण के लिए 2.19 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि इन सड़कों के टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। शीघ्र ही ये सड़कें अस्तित्व में आएंगी। इससे हजारों ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

