पाकुड़ में सियार का आतंक : घर में मां की गोद में सो रहे दो माह के बच्चे की मौत, दूसरा घायल

पाकुड़। Pakur Jackal Attack: झारखंड के पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड के तारानगर पंचायत अंतर्गत लखीनारायणपुर गांव में बीते शुक्रवार की रात एक हैरान करने वाली घटना घटी। रात के अंधेरे में घर के अंदर एस सियार घुस गया और मां के गोद में सो रहे एक मासूम बच्चे को उठा गया। जबकि सियार के हमले में दूसरा बच्चा घायल हो गया। इसके बाद घर के अंदर चीख-पुकार और मातम का महाैल छा गया। 

रात के सन्नाटे में एक खूंखार सियार चुपके से घर में घुस आया और मां की गोद उजाड़ते हुए दो माह के मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया। जानवर के हमले में मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार रामचंद्रपुर निवासी मुसफेरा बीबी अपने पति समरुल शेख और बच्चों के साथ मायके लखीनारायणपुर आई हुई थीं। शुक्रवार देर रात पूरा परिवार घर में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान जंगली जानवर दबे पांव घर में दाखिल हुआ। किसी को भनक तक नहीं लगी और उसने दो माह के मासूम पर हमला कर दिया। स्वजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की सांसें थम चुकी थीं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने बताया कि मासूम को शिकार बनाने के बाद भी जंगली जानवर का आतंक थमा नहीं। वह घर में मौजूद दूसरे बच्चे की ओर बढ़ गया। तभी करीब तीन वर्षीय बच्चे की तेज चीख सुनकर परिवार के लोग जाग गए। घर में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन शोर मचाते हुए बच्चों को बचाने दौड़े। लोगों की आवाज सुनते ही सियार/लोमड़ी वहां से भाग निकला, लेकिन तब तक दूसरा बच्चा भी घायल हो चुका था।

घटना के तुरंत बाद घायल बच्चे को पाकुड़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई। हालांकि घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह इंसानी बस्ती में घुसकर मासूम बच्चों पर हमला कर देगा। अब रात होते ही गांव के लोग सहमे हुए हैं। कई परिवारों ने बच्चों को अकेला छोड़ना बंद कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top