
बादशाहपुर। सुभाष चौक के नजदीक गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड हाईवे पर सोमवार को एक बार फिर सड़क धंस गई। मई में इसी स्थान के पास सड़क धंसने की घटना के बाद अभी मरम्मत का काम पूरी तरह पूरा भी नहीं हुआ था कि निर्माण सामग्री से भरे ट्रक के निर्माणाधीन हिस्से पर पहुंचने से सड़क का कुछ हिस्सा फिर बैठ गया। इससे हाईवे की एक लेन क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, एनएचएआई ने इसे निर्माण कार्य के दौरान होने वाली सामान्य स्थिति बताया है।
करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुए इस हाईवे पर बार-बार धंसाव की घटनाएं पहले भी सवाल खड़े करती रही हैं। बार-बार सामने आ रही धंसाव की घटनाओं ने पुराने मामलों की यादें ताजा कर दी हैं। छह मई को सुभाष चौक के पास हाईवे का हिस्सा धंस गया था। उस समय जीएमडीए की मुख्य पाइपलाइन टूटने को इसकी वजह बताया गया था।
एहतियातन एक लेन को यातायात के लिए बंद करना पड़ा था। अब तक काम चल रहा है। पिछली घटनाओं में एक बार स्कूल बस का पहिया भी धंसे हुए हिस्से में चला गया था। गनीमत रही कि उस समय बस में बच्चे नहीं थे।
सड़क को अभी पक्का नहीं किया गया
एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक के अनुसार मौके पर सड़क का काम अभी चल रहा है और रोलिंग की प्रक्रिया जारी है। सड़क को अभी पक्का नहीं किया गया है। निर्माण कार्य के दौरान सामग्री से भरा एक ट्रक आया था, इसकी वजह से एक स्थान पर सड़क का हिस्सा बैठ गया। काम के दौरान इस तरह की स्थिति बनने की आशंका रहती है।
दिसंबर 2023, जुलाई 2024 और सितंबर 2024 में भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार हो रहे धसाव से लोगों में डर का माहौल है और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले चार बार यह एक्सप्रेस वे धंस चुका है।

