यूट्यूबर एल्विश यादव के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी के बाद गुरुग्राम पुलिस अलर्ट

गुरुग्राम। बिग बाॅस ओटीटी सीजन दो के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव को बीते दिनों लाॅरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। गैंग की तरफ से रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।

बताया जाता है कि धमकी भरा मैसेज एल्विश यादव और उनके पिता के वाॅट्सएप पर भेजा गया था। मैसेज भेजने वाले ने अपने आप को कुख्यात लारेंस बिश्नोई गैंग का रणदीप मलिक बताया था। मैसेज में 10 करोड़ रुपये की मांग की गई थी।

हथियारों से लैस पुलिस टीम की गई तैनात

धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने एल्विश के सेक्टर 56 स्थित आवास को एक सुरक्षित किले में तब्दील कर दिया है। यहां हथियारों से लैस पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवास की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस द्वारा बेरिकेडिंग की गई है। वहां से गुजरने वाले संदिग्धों और अनजान व्यक्तियों की कड़ी निगरानी की जा रही है और बिना ठोस कारण के किसी को भी परिसर के समीप ठहरने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top