
ऊधमपुर। जिला रामबन में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम एक यात्री की मौत हो गई, जबकि लगभग 15 से 16 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा गूल-संगलदान मार्ग पर संगलदान के पास उस समय हुआ जब एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
जानकारी के अनुसार बस नंबर जेके02सीयू7482 सब डिविजन गूल के धाडम से जम्मू की ओर जा रही थी। इसी दौरान संगलदान के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। जिससे बस सड़क किनारे पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए भेजा गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने बस हादसे में एक यात्री की मौत की पुष्टी की करते हुए बताया कि अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायलों के नाम की जानकारी नहीं मिल पाई है। मगर बताया जा रहा है सभी स्थानीय निवासी हैं।

