
सिमुलतला (जमुई)। रेल यात्रियों के लिए एक बेहद शानदार खबर आ रही है। 18 मई को बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन की टीम ने आसनसोल मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों वाणिज्य प्रबंधक पी. मालकाराज और सीनियर डीईई संजीत कुमार अनुज के साथ एक बेहद सकारात्मक बैठक की।
बैठक में यात्रियों की बरसों पुरानी मांगों को मंजूरी पर चर्चा की गई, जिसमें मुख्य रूप से बांका-गया नई मेमू सेवा वाया जसीडीह, किउल और नवादा होते हुए इस नई ट्रेन को जल्द शुरू करने पर बात हुई।
आसनसोल-झाझा नई मेमू सेवा, हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस के बाद दिन के समय इस मार्ग में ट्रेन की मांग लंबे समय से थी, जिससे छात्रों और नौकरी-पेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
देवघर-सरायगढ़ स्पेशल ट्रेन को जल्द ही स्थायी परिचालन शुरू करने के साथ ही कटोरिया और चांदन स्टेशनों पर इसका ठहराव देने पर मजबूती से चर्चा हुई।
श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का अब कटोरिया, सिमुलतला, चांदन और टेलवा बाजार स्टेशनों पर ठहराव होगा। बैठक में सिमुलतला, कटोरिया, चांदन, टेलवा बाजार और घोड़पारन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार पर मुहर लगी।
साथ ही सिमुलतला स्टेशन में बन रही स्वचालित सीढ़ी का काम जून महीने तक पूरा करने का आश्वासन मिला। वहीं, टेलवा बाजार स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विकास का कार्य अगले वर्ष फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है।
यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों की लेटलतीफी विशेषकर किऊल-जसीडीह-आसनसोल मेमू की समस्या को दूर करने के लिए ठोस रणनीति बनी। पूरे रेलखंड पर कवच सिस्टम, ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग, ट्रैक फेंसिंग और क्वाड्रूप्लिंग के काम में तेजी लाई जाएगी।
साथ ही बडूआ नदी रेल पुल हादसे से सबक लेते हुए खतरा संभावित जगहों पर हाई रेजोल्यूशन नाइट विजन कैमरे लगाए जाएंगे।

