
नई दिल्ली। ढाका के शेर बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन की शुरुआत में एक बड़ी गलती सामने आई। इस ऑन-एयर गलती के कारण मेजबान ब्रॉडकास्टर्स को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी।
मैच शुरू होते ही ब्रॉडकास्टर्स ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के आंकड़े स्क्रीन पर दिखाए। हालांकि, ग्राफिक्स में गलती से पाकिस्तान की प्लेइंग 11 के बजाय भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को दिखाया गया। स्क्रीन पर दिखाए गए ग्राफिक्स में रोहित शर्मा को पाकिस्तान का कप्तान बताया गया।
इन प्लेयर्स के भी नाम थे
इस ग्राफिक में रोहित शर्मा के अलावा भारत टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार के नाम भी शामिल थे। इसके बाद यह गलती सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
मैच का हाल
ढाका टेस्ट की बात करें तो बांग्लादेश ने पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने आक्रामक शतक लगाकर मेजबान टीम को शुरुआती लड़खड़ाने से उबारते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान के खिलाफ 301 रन पर 4 विकेट तक पहुंचाया। शांतो ने शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में घरेलू फैसं को खुश करते हुए सिर्फ 129 गेंदों में 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना नौवां टेस्ट शतक बनाया।
170 रन की साझेदारी
बाएं हाथ के बल्लेबाज शांतो (101) और मोमिनुल हक की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 257 गेंदों में 170 रनों की साझेदारी की, जो पाकिस्तान के खिलाफ उस विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है और बांग्लादेश के लिए कुल मिलाकर तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। शांतो पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में शतक लगाने वाले बांग्लादेश के पहले कप्तान भी बन गए हैं।

