
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ को बड़ा उपहार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण किया।
राजनाथ सिंह ने इस दौरान कहा कि पहलगाम हमले के बाद आपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय नौसेना ने दुश्मनों के मन में भय पैदा कर दिया था। हमारी नौसेना पूरी ताकत के साथ अरब सागर में तैनात थी और उसके डरकर पाकिस्तान नौसेना अपने बंदरगाहों में दुबककर बैठ गई थी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में विश्व में हर तरफ उथल-पुथल है। ऐसे में समुद्री मार्गों की सुरक्षा ही राष्ट्र की सुरक्षा की चाबी है। भारतीय नौसेना देश की सुरक्षा में सक्षम है। उन्होंने कहा भारत तभी मजबूत होगा जब वह हथियारों के मामले में दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहेगा। अब भारत पूरी तरह से आत्मनिर्भर होने जा रहा है। वर्ष 2014 से पहले भारत से एक हजार करोड रुपये के रक्षा संबंधी कलपुर्जों का निर्यात होता था, जो अब बढ़कर 40,000 करोड रुपये तक पहुंच गया है।
वर्ष 2014 में रक्षा के क्षेत्र में भारत के अंदर 46,000 करोड़ का घरेलू उत्पादन था, जो वर्तमान में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंच गया है और जून में यह पौने दो लाख करोड़ रुपये का हो जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से उत्तर प्रदेश, भारत के रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बना रहा है। यहां लखनऊ में ब्रह्मोस का भी निर्माण हो रहा है। और भी कई तरह से उत्तर प्रदेश, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग को मज़बूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि गोमती नदी, लखनऊ की जीवनधारा है। और इसी गोमती नदी के नाम पर, INS गोमती नाम का एक युद्धपोत भी रहा है। यानी गोमती और लखनऊ का नाता नौसेना के साथ लंबे समय से है। और इसी अटूट बंधन का उत्सव मनाने के लिए, आज यहां ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ की शुरुआत की गई है। ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ न केवल लखनऊ के लिए एक प्रेरणास्थल और पर्यटन आकर्षण बनेगी, बल्कि यह शहर की नई पहचान भी बनेगी। लखनऊ अब अपनी तहज़ीब और संस्कृति के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति, सैन्य गौरव और रक्षा आत्मनिर्भरता की भी पहचान बन रहा है।
रक्षा मंत्री ने कहा की यूपी अब हर क्षेत्र में ‘अप’ हो रहा है। कभी उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडाराज से थी, यहां लोग डर में जीते थे। बदहाल कानून व्यवस्था के कारण निवेशक उत्तर प्रदेश आने से डरते थे। अब पूरा देश जानता है कि यूपी बदल गया है। यहां की कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है। पहले वन डिस्ट्रिक वन माफिया हुआ करता था, अब मुख्यमंत्री योगी के राज में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट है।
उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना का उत्तर प्रदेश से भी गहरा नाता है। शौर्य वाटिका में जो युद्धपोत प्रदर्शित किया गया है, उसका नाम लखनऊ की गोमती नदी के नाम पर ही रखा गया था और उसके चिह्न में लखनऊ की छतर मंजिल अंकित है। यह वाटिका युवाओं में राष्ट्र प्रेम का भाव जागृत करेगी उन्होंने कहा कि यहां एक पनडुब्बी भी लाई जाएगी। इसके लिए प्रयास करेंगे। वहीं सेना के जो टैंक अब उपयोग में नहीं है, उनको स्कूल, कालेज और विश्वविद्यालयों में प्रदर्शित किया जाएगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में आने वाले अब विरासत, संस्कृति के साथ नौसेना के शौर्य से भी परिचित हो सकेंगे। इस वाटिका से युवाओं को नौसेना के बारे में जानकारी मिलेगी, वे नौसेना की चुनौतियों को समझेंगे और प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि संकुचित सोच से बड़ा लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता है, इसके लिए विराट सोच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा देश के सैनिक जब जब सुरक्षा के मोर्चे पर हम मजबूत होंगे तो पूरी दुनिया हमसे मैत्री करेगी। कमजोर के सामने कोई नहीं झुकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चौराहों पर सेना के पुराने टैंकों की स्थापना कराई जाएगी, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिले। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और लखनऊ के विधायक व विधान परिषद सदस्य भी मौजूद थे।

