
जलालपुर (सारण)। सारण जिले के जलालपुर प्रखंड अंतर्गत विशुनपुरा गांव में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना में जलालपुर अंचलाधिकारी अविनाश कुमार एवं उनके चालक घायल हो गए। दोनों का उपचार जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घटना के दौरान सीओ की सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।
बताया जाता है कि विशुनपुरा गांव में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन द्वारा पूर्व में तीन बार नोटिस जारी किया गया था।
इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार को सीओ अविनाश कुमार पुलिस बल एवं प्रशासनिक कर्मियों के साथ स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
धक्का-मुक्की और मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासनिक टीम के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान सीओ एवं उनके चालक को चोटें आईं। उपद्रवियों ने सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल सीओ एवं चालक को तत्काल इलाज के लिए जलालपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां दोनों का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस मामले में सीओ ने जलालपुर थाना में आवेदन देकर चार महिला एवं चार पुरुष समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया है।
पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने एवं हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

