सीएम के विधानसभा क्षेत्र में प्रसव के दौरान आदिवासी महिला की मौत, बवाल; झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

बोआरीजोर (गोड्डा)। झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के सारे टोला में संचालित अस्पताल सनलाइफ हेल्थ केयर में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया गया। मंगलवार की रात महिला की मौत हो गई।

मृतक महिला पहाड़िया समुदाय की है। उसकी मौत के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। यह इलाका झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट के तहत आता है। आक्रोशित आदिवासी और ग्रामीण अस्पताल को घेरकर बैठे हुए हैं। चिकित्सक को सामने लाने की मांग कर रहे हैं। 

बरहेट विधानसभा क्षेत्र के बोआरीजोर–सुंदरपहाड़ी सीमा के समीप, सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के सारे टोला में संचालित सनलाइफ हेल्थ केयर में एक गर्भवती महिला की ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका मीरा मालतो, पति चार्लीस मालतो, उम्र 26 वर्ष, कुसुमघाटी गांव की आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय से बताई जा रही है, जिससे समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार सुबह केडोबाजार मुख्य सड़क को जाम कर दिया और स्वास्थ्य केंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण महिला की जान चली गई।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित स्वास्थ्य केंद्र फर्जी तरीके से संचालित किया जा रहा था और यहां पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधा एवं योग्य डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। बिना आवश्यक मानकों के ऑपरेशन किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी थाना और राजाभीठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस द्वारा आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के बाद जाम हटवाया। हालांकि ग्रामीण अस्पताल को घेरकर बैठे हुए हैं। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सनलाइफ हेल्थ केयर का संचालन नसीम नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। हालांकि, अस्पताल के लाइसेंस और वैधता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया गया है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और स्वास्थ्य केंद्र की भूमिका, लाइसेंस एवं संचालन संबंधी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top