
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल हॉस्पिटल के आईसीयू में नर्सिंग ऑफिसर मृत मिली। घटना रविवार रात की है, जिसने स्टाफ की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना से आधे घंटे पहले तक प्रीति को मोबाइल पर किसी से बात करते हुए देखा गया था। इबाद एकाएक उनका मोबाइल गायब हो गया। आखिर मोबाइल में क्या राज था, जिसे कोई खत्म करना चाह रहा था।
पुलिस अब सीडीआर और अंतिम लोकेशन के जरिए गुत्थी सुलझाने का प्रयास करेगी। यह बात भी सामने आ रही है कि आईसीयू में फोरेंसिक की टीम को बड़ी संख्या में एक्सपायरी डेट के इंजेक्शन मिले हैं, जिन्हें टीम अपने साथ ले गई है। मौत का राज अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा।
हिसार की रहने वाली थी प्रीति
नर्सिंग ऑफिसर प्रीति बेनीवाल हरियाणा के हिसार की रहने वाली थी। उनका भाई नितिन हेल्थ विभाग मुख्यालय पंचकूला में कार्यरत है। एक भाई आशीष चुनाव आयोग में सेवारत है। प्रीति की भाभी पंचायत विभाग में सचिव के पद पर तैनात है।
2024 में लगी थी नौकरी
प्रीति परिवार के साथ पंचकूला के सेक्टर-31 में रह रही थी। 2024 में ही नौकरी लगी थी। पहली ही पोस्टिंग पंचकूला सिविल अस्पताल में आई थी। ड्यूटी का अधिकांश समय आईसीयू में ही बीता है। प्रीति दोपहर 2 बजे घर से ड्यूटी के लिए आई थी। रात करीब 8 बजे उसकी शिफ्ट खत्म होनी थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची।दूसरी शिफ्ट के कर्मचारी ड्यूटी पर आए तो नर्सिंग ऑफिसर स्टोर एरिया की तरफ फर्श पर गिरी हुई मिली। इसके बाद अस्पताल के सीनियर अफसरों व पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल की ओर दौड़े।

