रायबरेली में 50 रुपये के खुले मांगने पर दुकानदार ने युवक को पीटा, वीडियो वायरल, पुलिस जांच शुरू

50 रुपये के खुले मांगने पर विवाद, दुकानदार ने युवक को पीटा, वीडियो प्रसारित

जागरण संवाददाता, रायबरेली। 50 रुपये के खुले मांगने पर एक युवक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि दुकानदार व उसके साथियों ने मिलकर युवक को मारपीटा। घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। युवक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी विमला चरण अवस्थी की पत्नी रेखा का कहना है कि वह अपने पति के साथ सोमवार को कस्बे के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास बाजार में सब्जी खरीद रही थी।

50 रुपये के खुले न होने पर पहले सब्जी बेंच रही लड़की पास स्थित एक दुकान पर खुले मांगने गई तो दुकानदार ने उसे मना कर दिया। इस पर उनके पति विमला चरण अवस्थी दुकानदार के पास खुले मांगने गए। इस दौरान दुकान पर बैठे युवकों ने गाली गलौज कर उन्हें भगा दिया।

इसके बाद उनके पति पास स्थित एक मिठाई की दुकान से खुले लेकर सब्जी विक्रेता को पैसे दे ही रहे थे कि गाली गलौज करने वाला दुकानदार और उसका साथी उनके पति को सड़क पर ही लात घूसो से पीटने लगे। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।

रेखा ने बताया कि मंगलवार को उसने कोतवाली में तहरीर दी है। युवक की पिटाई का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि युवक को पत्नी रेखा ने दो लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है, घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top