रक्सौल में रेलवे कॉपर तार चोरी का भंडाफोड़, सिग्नल हेल्पर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। रेलवे संपत्ति की चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा स्टेशन पर छापेमारी कर सिग्नल हेल्पर समेत दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है।

दोनों के पास से सिग्नल सिस्टम में इस्तेमाल होने वाला कॉपर वायर बरामद किया गया, जिसे बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

32 मीटर कॉपर वायर बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिग्नल हेल्पर किशोर पासवान और राकेश कुमार उर्फ रिशु कुमार के रूप में हुई है। रिशु रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चिकनी गांव का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने इनके पास से करीब 32 मीटर लंबा कॉपर वायर, जो पांच टुकड़ों में कटा हुआ था, जब्त किया है।

पूछताछ में हुआ खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में रिशु कुमार ने बताया कि सिग्नल हेल्पर ने उसे फोन कर रेलवे के बैटरी रूम में बुलाया था। वहां से तार से भरा झोला उसे बेचने के लिए दिया गया।

दोनों के बीच बिक्री की रकम को आधा-आधा बांटने की बात तय हुई थी।

पहले भी कर चुके हैं चोरी

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया है कि वे पहले भी कई बार चोरी के कॉपर तार को रामगढ़वा बाजार स्थित अर्जुन सिनेमा के पास एक कबाड़ दुकान में बेच चुके हैं।

कबाड़ दुकानदार की तलाश जारी

आरपीएफ की छापेमारी टीम अब उस कबाड़ दुकानदार की तलाश में जुटी है, जो चोरी के तार की खरीद करता था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top