
नूंह। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा धुलावट टोल प्लाजा के पास करीब सुबह दस बजे हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया। मरने वाले पांच में से चार पुलिसकर्मी हैं वहीं एक कार का ड्राइवर है। सभी पुलिसवाले उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात थे।

पलवल की ओर से आ रही थी स्कॉर्पियो
केएमपी पर हादसे में मरने वालों में सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही अशोक कुमार, सिपाही परवीन, औरैया थाना, जिला जालौन उत्तर प्रदेश में तैनात थे, स्कॉर्पियो कार का ड्राइवर अमरीक सिंह था। कार को अमरीक सिंह चला रहा था।
पता चला है कि औरैया थाने की पुलिस किसी मामले की जांच के लिए पंजाब जा रही थी। केएमपी पर हादसे वाले स्थल पर एक वाहन खड़ा हुआ था। पीछे से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने खड़े वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।

पहले से खड़े डंपर से टकराई कार
हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो कार में सवार पांचों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पांचों के शव को कार से निकाला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार केएमपी पर खेतों में एक खोका खोला हुआ है।
वहां पर एक डंपर ड्राइवर ने डंपर को केएमपी पर खड़ा करके कुछ सौदा खरीदने खोके पर गया हुआ था। तभी पीछे से आई तेज गति से स्कार्पियो ने खड़े वाहन में टक्कर मार दी। घटना के बाद डंपर चालक अपने वाहन को लेकर फरार हो गया। मौके पर जिले के आला अधिकारी पहुंच चुके हैं मामले की जांच की जा रही।
चार मृतक यूपी पुलिस के हैं जवान
तावड़ू सदर थाना प्रभारी शीशराम के अनुसार, हादसे में मृत चार लोग उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे, जो जालौन जिले में तैनात थे। इस संबंध में जालौन, उत्तर प्रदेश के पुलिस अधीक्षक से भी संपर्क कर लिया गया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेस-वे पर सावधानी से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।


