
अमृतसर। अमृतसर के खासा में आर्मी कैंट के बाहर मंगलवार देर रात हुए बम धमाके के बाद बुधवार सुबह घटना स्थल पर जांच करने लिए फॉरेंसिक टीम पहुंची। धमाके के कारण आर्मी कैंट की दीवार पर लगी टिने क्षतिग्रस्त हुई हैं।
मंगलवार रात को तीन घंटे अंतराल में जालंधर व अमृतसर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार धमाके हुए। जालंधर में मंगलवार रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर एक स्कूटी में धमाका हुआ, जिससे कैंपस की दीवारें तक हिल गईं। धमाके की आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
फिलहाल कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, लेकिन पहचान नहीं हो पाई है। स्कूटी चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ चल रही है।
भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास धमाका
अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खासा क्षेत्र में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर मंगलवार की रात 10.50 पर जोरदार धमाका हुआ। एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए बीएसएफ हेडक्वार्टर की तरफ फेंका। दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ।
ग्रेनेड से हमला होने का संदेह
धमाके से चारदीवारी पर सेना क्षेत्र को कवर करने के लिए लगाई गई टीन शेड ढह गईं। गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार को भी थोड़ा नुकसान हुआ है। धमाके की आवाज सुनते ही सैन्य अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
संदेह है कि ग्रेनेड से हमला किया गया है। आसपास के इलाकों में सर्च आपरेशन भी शुरू कर दिया गया है। पंजाब में पिछले 18 महीनों में करीब 16 थानों पर भी ग्रेनेड हमले हो चुके हैं।

