खासा आर्मी कैंप हमले का ‘पाकिस्तानी कनेक्शन’, गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने ली धमाके की जिम्मेदारी; वीडियो वायरल

अमृतसर। खासा स्थित आर्मी कैंप पर आतंकी हमले का वीडियो वायरल किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह धमाका आइईडी लगाकर किया गया है। यह भी बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी कुख्यात गैंग्सटर शहजाद भट्टी ने इसकी जिम्मेदारी ली है।

कुछ ही देर में फोरेंसिक टीमें घटना स्थल पर पहुंच रही हैं। एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपितों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे है। आरोपितों की फरारी को लेकर रूट मैप भी जांचा जा रहा है।

प्राथमिक जांच में बाइक पर सवार दो संदिग्ध दिखे हैं। पुलिस उनका खाका खंगाल रही है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार की रात 10.55 बजे खासा स्थित आर्मी कैंप पर आइईडी लगाकर हमला किया गया है। हमले में सैन्य क्षेत्र की दीवार क्षतिग्रस्त हुई है और लोहे की टीनें नीचे गिर गईं।

दो जगहों पर हुए धमाके

मंगलवार रात को तीन घंटे अंतराल में जालंधर व अमृतसर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जोरदार धमाके हुए। जालंधर में मंगलवार रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर एक स्कूटी में धमाका हुआ, जिससे कैंपस की दीवारें तक हिल गईं। धमाके की आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

फिलहाल कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, लेकिन पहचान नहीं हो पाई है। स्कूटी चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ चल रही है।

भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास धमाका

अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खासा क्षेत्र में भी बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर मंगलवार की रात 10.50 पर जोरदार धमाका हुआ। एसएसपी सोहेल मीर कासिम ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक को हवा में उछालते हुए बीएसएफ हेडक्वार्टर की तरफ फेंका। दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top