
छपरा। सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून के उल्लंघन का एक मामला सामने आया है, जहां एक चौकीदार का शराब सेवन करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांच मई 26 को पानापुर थानाध्यक्ष ने सूचना दी कि थाना क्षेत्र के धनौती गांव निवासी चौकीदार भागवत राय का शराब पीते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित वीडियो का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान वीडियो में चौकीदार को स्पष्ट रूप से शराब का सेवन करते पाया गया।
चौकीदार सस्पेंड
बताया जाता है कि भागवत राय, जो चौकीदार (संख्या 05/09 )के रूप में कार्यरत हैं, इस दौरान ड्यूटी और कानून दोनों की अवहेलना करते नजर आए। बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी के बीच एक सरकारी कर्मी द्वारा इस तरह का कृत्य विभागीय अनुशासन और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है।
प्रकरण की पुष्टि होते ही पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकीदार को पांच मई 26 से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, छपरा निर्धारित किया गया है।
वहीं, विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई के तहत आरोप पत्र तैयार करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून उल्लंघन और अनुशासनहीनता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

