
प्रयागराज। घरों से निकलने वाले कूडे से नगर निगम सीएनजी और बिजली उत्पादन करके करोड़ों रुपये की आय अर्जित कर रहा है। आने वाले दिनों में गीला कूड़ा से बिजली और सीएनजी उत्पाद को और बढ़ाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही नगर निगम की ओर से बसवार में बायो सीएनजी प्लांट और बायो गैस प्लांट लगाया जाएगा।
बायो गैस प्लांट से 40-50 यूनिट बिजली उत्पादन होगा
बसवार में लगने वाले प्लांट में प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन गीला कचरा से सीएनजी तैयार की जाएगी, वहीं बायो गैस प्लांट से 40 से 50 यूनिट बिजली उत्पादन की जाएगी। पांच से छह माह में प्लांट लगाने की प्रक्रिया निगम शुरू कर देगा। 650 मीट्रिक टन कुल कूड़ा निकलता है। इसमें 400 मीट्रिक टन गीला कूड़ा है।
खास-खास
650 मीट्रिक टन कुल कूड़ा निकलता है
400 मीट्रिक टन गीला कूड़ा निकलता है
100-120 टन गीला कूड़ा से बायो सीएनजी तैयार हो रही है।
जहांगीराबाद में बायो सीएनजी प्लांट है
वर्तमान में नगर निगम की ओर से जहांगीराबाद में बायो सीएनजी प्लांट से प्रतिदिन 100 से 120 मीट्रिक टन गीला कूडा से तीन टन सीएनजी तैयार की जा रही है। बसवार में बायो सीएनजी प्लांट लगाने का सुझाव पिछले दिनों प्रमुख सचिव नगर निगम पी गुरु प्रसाद ने नगर निगम मुख्यालय में बैठक के दौरान नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों से कही थी। 10 एकड़ में बसवार में प्लांट लगाया जाएगा।
50 से 60 करोड़ रुपये लागत आएगी
सूत्रों की मानें तो 50 से 60 करोड़ रुपये की लागत से बसवार में बायो सीएनजी प्लांट का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि दोनों प्लांट के संचालन से नगर निगम को प्रतिवर्ष चार से पांच करोड़ रुपये की बचत होगी।
नगर निगम की ओर से बसवार में बायो सीएनजी प्लांट लगाने का विचार किया जा रहा है। जल्द ही डीपीआर बनवाकर कार्य को पूरा कराने का प्रयास होगा। प्लांट बनने से डीजल और पेट्रोल की बचत भी होगी।
– साईं तेजा, नगर आयुक्त

