हिसार में किसान से धोखाधड़ी, कार की जल्दी डिलीवरी कराने के नाम पर 6 लाख से अधिक की ठगी

हिसार। कार की जल्दी डिलीवरी दिलाने का झांसा देकर एक किसान से 6 लाख 84 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव लुदास निवासी 45 वर्षीय अनूप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। 16 फरवरी 2026 को वह टोयोटा गाड़ी बुक कराने के लिए हिसार स्थित एक आटोमोबाइल एजेंसी गया था। वहां उसे बताया गया कि गाड़ी की वेटिंग चल रही है और डिलीवरी में तीन से चार महीने लगेंगे। इसके बाद उसने 50 हजार रुपये एडवांस जमा करवा दिए।

अनूप सिंह के अनुसार कुछ दिन बाद उसके पास हर्षित नामक युवक का फोन आया, जिसने खुद को सेल्समैन बताया। आरोपित ने कहा कि यदि वह जल्दी गाड़ी लेना चाहता है तो वह गंगानगर के एक परिचित सेल्समैन से उसकी बुकिंग करवा सकता है। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से काल और वॉट्सऐप मैसेज कर कई बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। आरोपितों के कहने पर उसने विभिन्न खातों में कुल 6 लाख 84 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

पीड़ित ने बताया कि पैसे जमा करवाने के बाद न तो गाड़ी की डिलीवरी मिली और न ही आरोपितों से संपर्क हो पाया। सभी फोन बंद मिलने पर उसे अपने साथ ठगी होने का पता चला।

इसके बाद उसने 23 अप्रैल को साइबर हेल्पलाइन 1930 और एनसीसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। प्राथमिक जांच के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top