
प्रयागराज। लंबे समय से फरारी काट रहे 50 हजार रुपये के इनामी गैंग्सटर रईस उर्फ लंबू को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है। वह आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव का रहने वाला है।
आजमगढ़-वाराणसी हाईवे पर आने की सूचना मिली
एसटीएफ इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय ने बताया कि वांछित और पुरस्कार घोषित अभियुक्तों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान पता चला कि आजमगढ़ से वांछित 50 हजार के इनामी रईस उर्फ लंबू आजमगढ़-वाराणसी हाईवे के पास किसी से मिलने के लिए आने वाला है।
घेराबंदी कर इनामी को दबोचा गया
इस जानकारी पर एसटीएफ इंस्पेक्टर ने दारोगा रणेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह, संतोष कुमार, रोहित, किशनचंद्र, अखंड प्रताप की टीम को भेजा। शनिवार को आजमगढ़ पहुंचकर टीम ने घेराबंदी की और फिर इनामी अभियुक्त को दबोच लिया।
जेल भी जा चुका है रईस उर्फ लंबू
पूछताछ में पता चला कि वर्ष 2024 में वह अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। उसके संबंध में आजमगढ़ के अलग-अलग थानों में अभियोग पंजीकृत है और जेल भी जा चुका है।
आजमगढ़ जिले में पांच मुकदमे दर्ज हैं
वर्ष 2026 में थाना निजामाबाद, आजमगढ़ में रईस व उसके साथी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा हुआ, जिसके बाद भाग निकला। एसटीएफ इंस्पेक्टर ने यह भी बताया कि रईस के खिलाफ आजमगढ़ जिले में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।

