
नारनौल। इंटरनेट मीडिया पर फॉलोअर्स और चर्चित होने की होड़ अब धार्मिक स्थलों की गरिमा और महिलाओं के सम्मान पर भी भारी पड़ने लगी है। नारनौल के प्रसिद्ध खालड़ा बालाजी मंदिर परिसर में विदेशी महिला पर्यटक के साथ अभद्र व्यवहार कर बनाई गई एक इंस्टाग्राम रील प्रसारित होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने युवक की हरकत को शर्मनाक बताते हुए कार्रवाई की मांग उठाई है। मामले में राजस्थान के झुंझुनू जिले के बुहाना निवासी सचिन नामक युवक का नाम सामने आया है, जो इंस्टाग्राम पर sachin_buhana0 नाम से आईडी चलाता है।
युवक मनोरंजन और फूहड़ मजाक वाली वीडियो पोस्ट करता है। उसके अकाउंट पर करीब 3861 फालोअर्स हैं और 150 से ज्यादा वीडियो अपलोड की गई हैं।
विदेशी महिला का हाथ पकड़कर की आपत्तिजनक टिप्पणी
प्रसारित वीडियो में युवक खालड़ा बालाजी परिसर में घूम रहे विदेशी पर्यटकों के पास पहुंचता दिखाई देता है। इस दौरान वह एक विदेशी महिला पर्यटक का हाथ पकड़कर उसके साथ चलने लगता है और अभद्र टिप्पणियां करता है। वीडियो में युवक महिला को ‘सो क्यूट’ और ‘आई लव यू’ कहता सुनाई देता है।
युवक वीडियो में यह भी कहता है कि ‘एक नंबर की रशियन है, पैसा लगा है, ऐसे ही नहीं आई।’ वीडियो के बैकग्राउंड में गाने और फूहड़ संवाद भी सुनाई देते हैं।
महिला पर्यटक युवक की बातों पर मुस्कुराती नजर आती है, लेकिन इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने इसे गलत व्यवहार बताते हुए विरोध जताया।
विवाद बढ़ने पर हटाई वीडियो
बताया जा रहा है कि युवक ने यह वीडियो चार दिन पहले इंस्टाग्राम पर अपलोड की थी। सोमवार दोपहर तक वीडियो उसकी प्रोफाइल पर मौजूद थी, लेकिन विवाद बढ़ने और विरोध शुरू होने के बाद उसने पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि तब तक कई लोगों ने वीडियो डाउनलोड कर विभिन्न प्लेटफार्म पर साझा कर दी थी।
वीडियो पर आए कमेंट्स में भी लोगों ने नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा कि ‘ये भी किसी की बेटी या बहन होंगी, जिनका तुम मजाक बना रहे हो।’ कई लोगों ने धार्मिक स्थल में इस तरह की हरकत को अनुचित बताया।
धार्मिक स्थल की गरिमा पर उठे सवाल
खालड़ा बालाजी मंदिर परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल पर बनाई गई इस वीडियो ने मंदिर की गरिमा और क्षेत्र की छवि को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और महिलाओं का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर चर्चित होने के लिए इस तरह की हरकतें गलत संदेश देती हैं और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।
पहले भी बना चुका है ऐसी वीडियो
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक पहले भी खालड़ा बालाजी परिसर में कई वीडियो बना चुका है। उसकी कई रीलों में फूहड़ मजाक और राह चलते लोगों से अजीब बातचीत दिखाई देती है। एक वीडियो में वह ग्रामीण महिलाओं को रोककर बातचीत करता भी नजर आता है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
मामला प्रसारित होने के बाद पुलिस के संज्ञान में भी पहुंच गया है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान की जा रही है और उससे पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के संज्ञान लेते ही युवक की आई माफी
मामला पुलिस के संज्ञान में आने पर युवक ने अपने इंस्टा अकाउंट पर स्टोरी डालकर उक्त रील के लिए माफी मांगी है।

