
नोएडा। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम (पीवीवीएनएल) की ओर से शुरू की गई क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था से लोग घर बैठे ही शिकायत कर सकते हैं। उपभोक्ताओं को बिजली बिल संबंधी शिकायतों के लिए लंबी लाइनें लगाने या बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे है।
विद्युत निगम के अनुसार, हर दिन बिजली विभाग के कार्यालयों में बिलिंग और मीटर संबंधी औसतन 100 से अधिक शिकायतें पहुंचती हैं। उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने और उसके फालोअप के लिए कई बार कार्यालय आना पड़ता था। सेक्टर 18 स्थित बिलिंग कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते थे। इसी समस्या को दूर करने के लिए रविवार से जिले में हाईटेक हेल्पलाइन सुविधा लागू की गई है।
ऐसे कर सकेंगे शिकायत दर्ज
नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता निगम द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे गूगल फार्म पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग को सूचना भेज दी जाती है। विभाग का दावा है कि शिकायतों का निस्तारण सात दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।
समाधान होने के बाद उपभोक्ता को ई-मेल के जरिए जानकारी भी दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे शिकायतों की माॅनिटरिंग आसान होगी और उपभोक्ताओं को बार-बार हेल्पलाइन या कार्यालय से संपर्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पूरी व्यवस्था की निगरानी अधिकारी स्तर से की जा रही है ताकि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

