
गुरुग्राम। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष Sonia Gandhi को बुधवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी को मंगलवार रात करीब 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर पेट और यूरिन संक्रमण की आशंका को देखते हुए विभिन्न जांच कर रहे हैं। इससे पहले 24 मार्च को भी उन्हें बुखार और संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के Sir Ganga Ram Hospital में भर्ती कराया गया था।
राहुल गांधी ने रद किया अपना केरल दौरा
लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi भी अस्पताल पहुंचे। मां की तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने अपना केरल दौरा रद कर दिया। राहुल गांधी ने कोझिकोड में आयोजित एक रैली को वर्चुँअली संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि वह कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे, लेकिन मां के अस्पताल में भर्ती होने के कारण उन्हें दिल्ली में रुकना पड़ा। पूरी रात मां की तबीयत को लेकर चिंतित रहे और केरल की नर्स लगातार उनकी मां की देखभाल करती रहीं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष जून में भी सोनिया गांधी को पेट संबंधी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके अलावा 7 जून 2025 को उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी उपचार के लिए भर्ती किया गया था।

