
हमीरपुर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल डीजल एवं सीएनजी के दामों में वृद्धि तथा नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम विकास यादव को सौंपा। जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रर्दश किया।
जिलाध्यक्ष गोविंद अहिरवार व पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर जुलूस निकाल कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त एसडीएम विकास यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दामों में भी भारी बढ़ोतरी की गई है। जिसके कारण रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई गई। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और छात्रों की मेहनत पर पानी फिर गया है। केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही नीट पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ भी उचित कदम उठाने की मांग की गई है। इस मौके पर पीसीसी संजय वीर सिंह लोधी, देवेंद्र मोहन चौबे, देवदत्त भार्गव, हिमांशु सौनी, दिनेश सिंह, अहमद हसन, सूर्यकिशोर तिवारी, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, नीलम निषाद, शैलेंद्र कुमार प्रजापित, उज्जवल पाठक, हाजी शमसुद्दीन, कामता प्रसाद, अराधना सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इधर, महोबा में भी कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को महोबा जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार धुरिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने आल्हा चौक में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। जिला प्रवक्ता कुंवर राकेश सिंह ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण ही आज देश की ऐसी स्थिति हुई है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शकीला बानो उर्फ़ मामा भारती ने कहा कि सरकार निम्न और मध्यम वर्ग के लिए कोई ठोस नीति नहीं बना रही है। रसोई गैस के दाम बढ़ने से घर का बजट बिगड़ गया है। पूर्व प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने भी महंगाई को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। ब्लाक अध्यक्ष राकेश सिंह, जिला महासचिव अरविंद द्विवेदी, प्रमोद कुमार, छत्रपाल अहिरवार, देशराज, सुनील कुमार, पंकज कुमार, विक्रम सिंह, देशराज रैकवार, रामेश्वर यादव, आमना खातून, फरहा खातून सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

