
गुरुग्राम: फ्लैट में पड़ा पुलिस का छापा, विदेशी और अंग्रेजी शराब की 292 बोतल जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम। गुरुग्राम में सेक्टर-31 नवकेतन अपार्टमेंट में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने फ्लैट में अवैध रूप से अंग्रेजी और विदेशी शराब की दो दर्जन से ज्यादा पेटियां जमा कर रखी थीं।
आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर फ्लैट में छापामारी कर शराब जब्त की। आरोपी व्यक्ति के खिलाफ आबकारी व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सेक्टर-40 थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान विक्रम यादव के रूप में की गई। आबकारी विभाग की टीम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नवकेतन अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बड़ी मात्रा में शराब जमा की गई है। यहां से शराब की तस्करी की जा रही है।
फ्लैट की गहनता से तलाशी ली
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने फ्लैट पर छापा मारा। फ्लैट की गहनता से तलाशी ली गई तो अलग-अलग नामी और महंगे ब्रांडों की कुल 292 बोतलें शराब बरामद हुईं। इनमें अंग्रेजी और विदेशी ब्रांड्स शामिल थे। आरोपी ने इन बोतलों को फ्लैट के कमरों और अलमारियों में छिपाकर रखा हुआ था।
टीम ने जब आरोपित से शराब के भंडारण और बिक्री से जुड़े दस्तावेज, परमिट या लाइसेंस की मांग की गई, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। आबकारी विभाग ने शराब की खेप को जब्त कर लिया।
सेक्टर-40 थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इससे शराब के भंडारण के बारे में जानकारी ली जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी, इसका असली स्रोत क्या है, इस बारे में पूछा जा रहा है।

