
फरीदाबाद। अब प्रजनन एवं स्वास्थ्य शिशु केंद्र में 24 घंटे एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। जिससे कि आपात स्थिति में गर्भवती को घर से संस्थान तक लाया जा सके। सभी सरकारी संस्थानों के प्रवेश द्वार हर समय खुले रहेंगे, ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो। एसीएस (स्वास्थ्य)डॉ.सुमिता मिश्रा ने प्रदेश ने सभी जिला सिविल सर्जन को इस बाबत बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। इस निर्देश के आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने विभाग के अधिकारियों के बैठक की।
बैठक में डिलीवरी संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई। डा. जयंत आहूजा ने बताया कि सेक्टर-तीन और 30 के प्रजनन एवं स्वास्थ्य शिशु केंद्र में 24 घंटे एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। बाकी स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट भी हर समय खुले रहेंगे। इस बारे सभी
चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।
बता दें कि शुक्रवार को सेक्टर-तीन के प्रजनन एवं स्वास्थ्य शिशु केंद्र में गेट पर ही एक महिला की डिलीवरी हो गई थी। इस मामले में गर्भवती और स्वजन काफी देर तक अस्पताल का दरवाजा पीटते रहे, मगर बाहर कोई नहीं आया। बाद में गेट पर महिला की डिलीवरी हुई थी। मौके पर नर्स नहीं आई तो महिला की सास ने ही डिलीवरी कराई।
मामला सरकार तक पहुंचा तो प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान नर्स राखी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुखबीर को निलंबित कर दिया गया। अब डॉ. सुमिता मिश्रा ने इस मामले में सुधार के लिए निर्देश जारी किए हैं।

