गुरुग्राम में UPSC की प्रारंभिक परीक्षा शुरू, 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी दे रहे इम्तिहान; प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट

गुरुग्राम। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 52 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। परीक्षा में कुल 20,076 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

वहीं, परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। कई केंद्रों पर अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले पहुंच गए थे।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध

प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ निगरानी व्यवस्था भी मजबूत रखी गई। अभ्यर्थियों की एंट्री से पहले जांच प्रक्रिया अपनाई गई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।

एडीसी सोनू भट्ट, जो परीक्षा के नोडल अधिकारी भी हैं, रविवार अल सुबह से ही लघु सचिवालय में मौजूद रहे। उन्होंने खजाना कार्यालय से परीक्षा सामग्री को अपनी निगरानी में विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक भिजवाने की व्यवस्था संभाली। प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top