
बेतिया (पश्चिम चंपारण) । बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड- बेतिया मुख्य सडक में बलथर थाना क्षेत्र के खरसहवां के पास सोमवार की सुबह नौ बजे के आसपास अज्ञात वाहन की टक्कर से तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
जिसमें बाइक सवार की मौत मौके पर ही हो गई। मृतक की पहचान बानूछापर बेतिया वार्ड नंबर 29 निवासी कृष्णा शर्मा के पुत्र जीतेश कुमार (33)के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल बेतिया भेज दिया है। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के पिता कृष्णा शर्मा व भाई प्रशुराम शर्मा ने बताया कि जीतेश बेतिया स्थित बानूछापर घर से पूर्वी चम्पारण के रक्सौल अनुमंडल के भेलाही जा रहे थे।
वे ग्रामीण बैंक की भेलाही शाखा में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। वे रोज इसी रास्ते से ड्यूटी जाते थे और शाम में लौटते भी थे। संभावना व्यक्त की जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मारी है।
इस वजह से तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ा है और सड़क के किनारे आम के पेड़ से जाकर बाइक टकराई है। बाइक आम के पेड़ से टकराकर करीब दस फीट दूर जा कर गिरी थी।
चालक का हेलमेट भी करीब पांच फीट दूर फेंका गया था। सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत मौके पर ही हो गई थी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मृतक की जेब से मिले परिचय पत्र से उसकी पहचान हुई। जिसके बाद उसके स्वजन को घटना की जानकारी दी गई। अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
- मैनाटांड व बेतिया मुख्य सडक में बलथर थाना क्षेत्र के खरसहवां के पास हुई दुर्घटना
- अज्ञात वाहन से ठोकर लगने के कारण बाइक का बिगड़ा संतुलन
- सिर से निकलकर हेलमेट पांच फीट दूर जा गिरा, सिर की चोट से हुई मौत
- पूर्वी चंपारण के ग्रामीण बैंक भेलाही में लिपिक के पद पर कार्यरत थे जीतेश

