
गुरुग्राम। साइबर ठगों ने गुरुग्राम निवासी एक महिला से गैस बिल भरने के नाम पर करीब 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना दक्षिण पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया है।
सेक्टर 69 ट्यूलिप गार्डन सोसायटी निवासी अंजली कालरा ने शिकायत में कहा कि उनका आइजीएल गैस कनेक्शन है। बीते दिनों वह आनलाइन बिल भर रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर गैस बिल अपडेट का आप्शन आया।
जब उन्होंने उस पर क्लिक किया तो उनका फोन हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने उनके खाते से कई बार में 12 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला ने मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप लगाया
सेक्टर 56 थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट, अभद्रता और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। डीएलएफ फेस तीन निवासी महिला की शिकायत पर थाना पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया है। पीड़ित महिला ने शिकायत में कहा कि बीते दिनों वह सेक्टर 55 में निजी काम से गई थीं। इसी दौरान दो लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। किसी बात पर मारपीट की और छेड़छाड की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

