गुरुग्राम में चीनी साइबर ठगों को कॉलिंग सपोर्ट देने वाले गिरोह का पर्दाफाश, नगालैंड की महिला गिरफ्तार

गुरुग्राम। गुरुग्राम में साइबर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो चीन से संचालित साइबर ठगों को भारत में कॉलिंग सपोर्ट मुहैया करा रहा था। इस मामले में नगालैंड की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका पति फरार है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-28 में छापेमारी कर 30 वर्षीय कुंज पनमे (निवासी दीमापुर, नगालैंड) को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह अपने पति के साथ मिलकर किराए के मकान में वर्चुअल सिम बॉक्स लगाकर साइबर ठगों की मदद कर रही थी।

जांच में सामने आया कि इस वर्चुअल सिम बॉक्स को वाई-फाई से जोड़कर चीन में बैठे ठग भारतीय नागरिकों को कॉल करते थे। इन कॉल्स के जरिए गेमिंग, निवेश (इनवेस्टमेंट फ्रॉड) और तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” जैसे तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था

पति को मिलता था कमीशन
महिला का काम सिम बॉक्स से जुड़े मोबाइल फोन को लगातार चार्ज और नेटवर्क से कनेक्ट रखना था, ताकि कॉलिंग प्रक्रिया बिना रुकावट जारी रह सके। इस पूरे नेटवर्क के बदले उसके पति को कमीशन मिलता था।

पुलिस ने आरोपित के पास से सात मोबाइल फोन, एक वाई-फाई मॉडम, तीन सिम कार्ड और एक टूटा हुआ लैपटॉप बरामद किया है। फरार पति की तलाश में छापेमारी जारी है।
साइबर पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top